Headlines

धार की गुनगुन का मध्यप्रदेश फुटबॉल टीम में चयन

महू में दिखाया दम, अब छत्तीसगढ़ में चमकेगी मिडफील्डर गुनगुन शर्मा

​धार। मैदान पर सटीक पास और गेंद पर मजबूत नियंत्रण रखने वाली धार की युवा मिडफील्डर गुनगुन जगदीश शर्मा अब राष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल का जौहर दिखाएंगी। महू (इंदौर) में आयोजित अंतर जिला जूनियर बालिका प्रतियोगिता में धार के शानदार प्रदर्शन के दम पर गुनगुन ने 20 सदस्यीय मध्य प्रदेश फुटबॉल टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

​यह राष्ट्रीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 28 सितंबर से छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आयोजित होने जा रही है। लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली जाने वाली इस स्पर्धा में मध्य प्रदेश की टीम अपने अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को ही मिजोरम के खिलाफ पहले मुकाबले से करेगी। प्रशिक्षक शैलेंद्र पॉल के मार्गदर्शन में धार और सरदारपुर की बालिकाओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उम्दा खेल दिखाया था, जिसके बाद सरदारपुर की स्ट्राइकर मानवी विहाल व अर्चिता डामोर और धार से सेंटर हाफ गुनगुन शर्मा को महू प्रशिक्षण शिविर के लिए चुना गया था। हालांकि, पारिवारिक कारणों के चलते मानवी और अर्चिता शिविर में शामिल नहीं हो सकीं, जबकि गुनगुन ने अपनी प्रतिभा को साबित कर अंतिम टीम में स्थान बनाया।

​गुनगुन की इस उपलब्धि पर प्रशिक्षक राजीव डेविड ने कहा कि वह एक बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनके चयन पर जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) के संरक्षक शमशेर सिंह यादव, सुभाष डेविड, अध्यक्ष हितेश सिंह ठाकुर, राजीव डेविड, कल्पना यादव, सचिव उत्कर्ष डेविड, भादर सिंह पंवार, संतोष पुरोहित, शैलेंद्र पाल, संतोष राव, अजय चौधरी, राजू फ्रांसिस, अखिलेश चौधरी, विनोद यादव, शुभम जमरा, महेंद्र चौहान, सचिन पाल, मनोज चौहान, शलाका हिवाले, सौम्या यादव, सुनीता भाबर, चंचल खराड़ी, साधना यादव, राजकुमार ठाकुर, पंकज वर्मा, लेखराज मकवाना, मॉरिस फ्रांसिस, दयानिधि वर्मा, प्रवीण लश्करी, आशीष अम्लीयार, दुर्गेश वर्मा, कृष्णा सूजान, एनोश मसीह, जीत सिंह होरा, राहुल पाल, विक्रम भूरिया और शौर्य रावत सहित खेल प्रेमियों ने बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

​गत वर्ष मध्य प्रदेश की टीम ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में मौजूदा चैंपियन टीम के साथ मैदान में उतरने जा रही गुनगुन शर्मा के सामने न केवल अपनी जगह को सही साबित करने की चुनौती होगी, बल्कि मध्य प्रदेश के इस प्रतिष्ठित खिताब का बचाव करने में भी उनकी भूमिका काफी अहम रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *