तिरला पुलिस ने 7 आरोपियों पर दर्ज किया केस
धार। घर के बाहर बंधे बेजुबान मवेशियों पर तलवार-कुल्हाड़ी से प्रहार और मकान में अंधाधुंध तोड़फोड़—धार जिले के तिरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ाकला में दिनदहाड़े उपद्रव और बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाली-गलौज करते हुए पहुंचे आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने न केवल गृहस्थी का सामान तहस-नहस कर दिया, बल्कि गाय-बैलों पर भी धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना 28 सितंबर सोमवार की सुबह करीब 11:00 से 11:30 बजे के बीच ग्राम बड़ाकला की है। फरियादी नानका पिता भलिया मेड़ा (48 वर्ष) के घर पर बोरी निवासी सात लोगों ने अचानक धावा बोल दिया। आरोपियों की पहचान बंशिया, उमराव, नन्दराम, नाहर (सभी पिता जामा कटारा), कमल पिता बन्सिया कटारा, जुवानसिंह पिता दल्ला भील और गबलिया पिता दल्ला कटारा (निवासी ग्राम बोरी, थाना तिरला) के रूप में हुई है।
हमलावरों ने आते ही फरियादी को अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने बाहर बंधे गाय और बैलों पर तलवार व कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे मवेशी लहुलुहान हो गए। उपद्रवियों ने घर का मुख्य दरवाजा, पास के कच्चे कमरे का दरवाजा, लोहे की अलमारी, चद्दर और दीवार तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया।
घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर तिरला थाना पुलिस ने 28 सितंबर सोमवार की शाम 4:32 बजे सभी सातों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 324(2), 325 और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
