Headlines

धार : खलघाट-धरमपुरी मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा

तेज रफ्तार बाइक ने मां-बेटे को मारी टक्कर, 30 वर्षीय महिला की मौत; बेटा घायल

​धार। खलघाट-धरमपुरी मार्ग पर पिपलदा गढ़ी गांव के पास देर रात एक तेज रफ्तार बाइक ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। मां-बेटे धार से काम निपटाकर अपने गांव लौट रहे थे।

टेम्पो से अस्पताल लेकर पहुंचा सहमा बेटा, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

​जानकारी के मुताबिक, धरमपुरी तहसील के ग्राम निंबोला निवासी अनीता अपने बेटे के साथ धार से काम खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रही थीं। पिपलदा गढ़ी के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

​हादसे के तुरंत बाद सहमे बेटे ने राहगीरों की मदद से टेम्पो का प्रबंध किया और गंभीर रूप से घायल मां को लेकर धामनोद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचा। अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

​“महिला को देर रात मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।”

— डॉ. पंकज धाकड़, मेडिकल ऑफिसर, धामनोद सीएचसी

​फरार चालक की तलाश में जुटी धामनोद पुलिस

​हादसे के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से फरार हो गया। धामनोद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपी बाइक चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *