वन विभाग ने मौके का निरीक्षण कर जारी किया अलर्ट
धार। जिले के बदनावर अंतर्गत कानवन थाना क्षेत्र के माकनी गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अपने शावक (बच्चे) के साथ नयापुरा मोहल्ले की गलियों में आ धमका। तेंदुआ करीब डेढ़ घंटे तक रिहायशी इलाके में चहलकदमी करता और बैठता रहा। ग्रामीणों ने छतों से इसका वीडियो बनाया, जिसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पगमार्क ट्रेस कर इलाके में अलर्ट जारी किया है।
कुत्तों के लगातार भौंकने पर छत से देखा, तो सामने दिखा तेंदुआ
देर रात नयापुरा मोहल्ले में अचानक श्वानों के लगातार भौंकने की आवाजें आने लगीं। जब ग्रामीण विजय पंडित ने मकान की छत से नीचे झांका, तो गली में तेंदुआ नजर आया। विजय पंडित ने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। देखते ही देखते मोहल्ले के लोग सतर्क हो गए और सुरक्षित छतों व खिड़कियों से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने लगे।
ग्रामीण रितेश राठौर के मुताबिक, तेंदुआ करीब डेढ़ घंटे तक कभी सड़क पर टहलता तो कभी जमीन पर बैठता रहा। उसके साथ एक छोटा शावक भी नजर आया। काफी देर चहलकदमी करने के बाद दोनों पीलियाखाल के जंगल की ओर रुख कर गए। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सुबह वन विभाग को सूचित किया।
“स्थानीय रहवासियों से सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया है। बस्ती और आसपास तेंदुए के पदचिह्न (पगमार्क) मिले हैं। तेंदुए के साथ शावक होने के कारण खतरा अधिक रहता है, क्योंकि बच्चे की मौजूदगी में मादा तेंदुआ अत्यधिक आक्रामक हो सकती है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई है। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।” — शैलेंद्र सोलंकी, रेंजर (सरदारपुर परिक्षेत्र)

प्रशासन की ग्रामीणों को एडवाइजरी
- रात के समय घरों के बाहर पर्याप्त रोशनी रखें।
- अकेले या अंधेरे में खेतों और जंगल के रास्तों पर जाने से बचें।
- मवेशियों को सुरक्षित बाड़ों में बांधकर रखें।
- किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घेराबंदी करने या उकसाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

