धार। नौ दिनों तक शक्ति की साधना और भक्ति का प्रतीक माने जाने वाले नवरात्रि पर्व की आड़ में पैर पसारते व्यावसायिक चलन को लेकर अब धार में विरोध के सुर मुखर होने लगे हैं। पारंपरिक पंडालों की मर्यादा और आस्था को बचाने के लिए सामाजिक संगठनों ने मैदान संभाल लिया है।
सार्वजनिक हटवाड़ा समिति ने मंगलवार को धार कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। समिति ने प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि नवरात्रि के दौरान शहर में निजी गार्डनों और परिसरों में शुल्क लेकर आयोजित होने वाले व्यावसायिक गरबा इवेंट्स को किसी भी प्रकार की अनुमति न दी जाए। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने आरोप लगाया कि इन आयोजनों में कथित तौर पर अश्लील व फूहड़ प्रस्तुतियां दी जाती हैं और तेज डीजे साउंड के साथ तय शर्तों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे मां कालिका की आराधना के इस पावन पर्व की सांस्कृतिक और धार्मिक गरिमा धूमिल हो रही है।
समिति का कहना है कि शहर की सार्वजनिक समितियां वर्षों से परंपरा के अनुसार गरबा पंडालों में विधि-विधान से माता की प्रतिमा स्थापित कर सपरिवार आयोजन करती रही हैं। इसके विपरीत, टिकट और प्रवेश शुल्क के आधार पर चलने वाले इन निजी आयोजनों से न केवल पर्व का मूल स्वरूप बिगड़ रहा है, बल्कि इसका सीधा नुकसान वर्षों से सक्रिय पारंपरिक व सार्वजनिक गरबा समितियों को भी झेलना पड़ रहा है।
प्रशासन से आयोजनों की कड़ी निगरानी और सख्त नियमों के पालन की मांग करते हुए कहा गया है कि यदि व्यावसायिक गतिविधियों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया, तो आने वाले दिनों में पारंपरिक गरबा संस्कृति पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन के रुख पर टिकी हैं कि क्या इस नवरात्रि निजी आयोजनों की शर्तों को और कड़ा किया जाएगा या पारंपरिक समितियों के दबाव में नई गाइडलाइन जारी होगी।
