Headlines

बगोली में बिजली तार को लेकर विवाद : युवक पर कट्टे से फायर, घर, ट्रैक्टर और बाइक में की तोड़फोड़

जानलेवा हमले व पथराव के आरोप में 4 पर केस दर्ज

धार। बिजली के तार लगाने जैसी सामान्य सी बात पर उपजा विवाद आधी रात को जानलेवा हमले और भारी तोड़फोड़ में बदल गया। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने न केवल युवक पर कट्टे से सीधा फायर झोंक दिया, बल्कि उसके घर, वाहन और ट्रैक्टर पर भी जमकर पथराव कर नुकसान पहुंचाया।

घटना टांडा थाना क्षेत्र के ग्राम बगोली में बुधवार रात करीब 8:30 से 8:40 बजे के बीच फरियादी के घर के बाहर घटित हुई। पीड़ित संजय (28 वर्ष), पिता रेमसिंह मेहड़ा निवासी बगोली ने पुलिस को बताया कि बिजली का तार लगाने की बात पर आरोपी छितु मोहनिया, मडिया मोहनिया, रितेश मोहनिया और दिनेश अजनारे ने विवाद शुरू किया। जब फरियादी ने अश्लील गालियों का विरोध किया, तो आरोपियों ने उस पर कट्टे से गोली चला दी, जो उसके सिर व पेट में लगी। इसके बाद आरोपियों ने मकान, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर पर पथराव कर तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।

टांडा थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 अक्टूबर की रात 2:45 बजे आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 109(1), 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। क्षेत्र में इस तरह मामूली विवादों के हिंसक रूप लेने और अवैध हथियारों के खुलेआम इस्तेमाल की घटनाएं कानून-व्यवस्था के लिहाज से चिंता का विषय बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *