धार और आसपास के 7 जिलों की सीमाओं में प्रवेश पर रोक
धार। कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले दो आरोपियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला बदर कर दिया है।
जिला दण्डाधिकारी राजीव रंजन मीना ने 8 अक्टूबर को यह आदेश जारी करते हुए धामनोद थाना क्षेत्र के दो आरोपियों—कपिल पिता दादु वर्मा (निवासी बगड़ीपुरा सुन्द्रेल) और कालु उर्फ कुन्दन पिता बुदिया (निवासी सिरसोदिया) को आगामी 6-6 माह की अवधि के लिए धार जिले से निष्कासित कर दिया है।
आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध केवल धार जिले तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों आरोपियों को धार सहित समीपवर्ती सात अन्य जिलों—इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन और अलीराजपुर की राजस्व सीमाओं से भी पूरी अवधि के दौरान बाहर रहना होगा।
इस आदेश के प्रभावी होने के बाद अब तय अवधि तक इन अपराधियों का संबंधित जिलों में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन की इस कठोर कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अन्य आपराधिक तत्वों के बीच कड़ा संदेश देना है, ताकि सीमावर्ती इलाकों में कानून का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
