घोड़ा चौपाटी पर 15 वाहनों के चालान, 50 को सख्त हिदायत
धार। आगामी त्योहारों की रौनक के बीच सड़कों पर हुड़दंग और हादसों को रोकने के लिए धार पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों को सड़क पर ही रोककर न केवल चालानी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि सुरक्षा को लेकर पुलिस की सीधी नसीहत भी मिल रही है।
शहर की यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से बुधवार रात पुलिस टीम ने घोड़ा चौपाटी पर बैरिकेडिंग लगाकर विशेष चेकिंग अभियान की शुरुआत की। नवागत सीएसपी योगेंद्र सिंह, यातायात टीआई प्रेमसिंह ठाकुर, कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान और नौगांव टीआई राजललन मिश्रा की अगुवाई में पुलिस बल ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर दस्तावेजों की पड़ताल की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई, जबकि लगभग 50 चालकों को यातायात नियमों के पालन की सख्त हिदायत दी गई।
सीएसपी योगेंद्र सिंह ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट किसी जुर्माने से बचने का जरिया नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में अनमोल जीवन की रक्षा की गारंटी है; साथ ही चार पहिया वाहन चालकों को भी अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। त्योहारों के पूरे सीजन के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर प्रतिदिन यह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा। आने वाले दिनों में न केवल यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, बल्कि भीड़भाड़ वाले और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर भी पुलिस का शिकंजा कसेगा, ताकि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सुगम यातायात बना रहे।
