Headlines

धार में बच्चों के विवाद में दो पक्षों में जमकर चले मोगरी, ईंट और थप्पड़

कोतवाली थाने में दोनों तरफ से क्रॉस केस दर्ज, एक पक्ष पर एससी/एसटी एक्ट भी लगा

धार। बच्चों के बीच हुआ पुराना झगड़ा गुरुवार शाम धार में अचानक हिंसक टकराव में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज के बाद बात मोगरी, ईंट और थप्पड़ों तक पहुंच गई। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग घायल अवस्था में कोतवाली थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने परस्पर बयानों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है।

​मामला 8 अक्टूबर गुरुवार की शाम का है, जहां गुलमोहर कॉलोनी और इंदिरा कॉलोनी बस स्टैंड क्षेत्र में यह टकराव हुआ। पहली घटना शाम करीब 7:00 बजे गुलमोहर कॉलोनी में हुई, जहां राधा डामोर (22) के अनुसार आरोपी शबाना, बल्ली और दो अन्य ने बच्चों के पुराने विवाद को लेकर जातिसूचक अपशब्द कहे और मोगरी व थप्पड़ों से हमला कर दिया। इस हमले में राधा के सिर पर और उनके पति सचिन की कोहनी व शरीर पर चोटें आईं।

इसके ठीक एक घंटे बाद, रात 8:00 बजे विवाद इंदिरा कॉलोनी में शबाना के घर के बाहर दोबारा भड़का। शबाना (30) का आरोप है कि सचिन और उसकी पत्नी राधा ने गाली-गलौज करते हुए ईंट और थप्पड़ों से मारपीट की, जिससे उनके पैर, होंठ और शरीर पर चोटें आईं और जान से मारने की धमकी दी गई।

​कोतवाली पुलिस ने रात सवा नौ बजे के करीब दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज किया। राधा डामोर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं 3(1)(द) व 3(1)(ध) के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, शबाना की शिकायत पर सचिन और राधा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296(a), 115(2) और 351(2) के तहत मामला कायम हुआ है।

​बच्चों की आपसी कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद अब गंभीर कानूनी दांवपेच में तब्दील हो चुका है। एक पक्ष पर एससी/एसटी एक्ट की सख्त धाराएं लगने से मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के स्तर पर की जा सकती है, जिससे दोनों परिवारों की कानूनी मुश्किलें आने वाले दिनों में और बढ़ेंगी। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *