Headlines

भोजशाला पहुंचीं नाजिया इलाही खान, मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना कर किया हनुमान चालीसा का पाठ

लंदन से मां वाग्देवी की प्रतिमा धार लाने के लिए राष्ट्रपति को लिखेंगी पत्र

धार। शहर स्थित ऐतिहासिक भोजशाला में शुक्रवार को सनातनी विचारधारा से जुड़ी नाजिया इलाही खान पहुंचीं। यहां उन्होंने सत्याग्रह स्थल पर मां वाग्देवी सरस्वती की स्तुति की, हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरती के साथ यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद उन्होंने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं और हिंदू समाज के लोगों को संबोधित करते हुए भोजशाला के प्रति अपनी आस्था और विचार व्यक्त किए।

नाजिया इलाही खान का भोजशाला परिसर में समिति की महिला सदस्यों और पदाधिकारियों ने स्वागत किया। भोज मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने उनके चरण पखारकर, तिलक लगाकर और भगवा दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद उन्हें भोजशाला के दर्शन कराए गए तथा सत्याग्रह, इससे जुड़े आंदोलनों और ऐतिहासिक संदर्भों की जानकारी दी गई।

भोजशाला को बताया मां सरस्वती का मंदिर

अपने संबोधन में नाजिया इलाही खान ने कहा कि भोजशाला में दर्शन करने के बाद उन्हें विशेष अनुभूति हुई और उनके शरीर में रोमांच हो उठा। उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें मां वाग्देवी के प्रति अपनी आस्था और अधिक दृढ़ महसूस हुई। उनके अनुसार, भोजशाला मां सरस्वती का मंदिर है और इसकी धार्मिक पहचान को लेकर हिंदू समाज अपनी आवाज उठाता रहा है।

उन्होंने कहा कि भोजशाला में अभी कई कार्य किए जाने बाकी हैं। परिसर के बाहर फैली गंदगी की सफाई और मंदिर से संबंधित अन्य कार्यों को पूरा करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज अपनी संस्कृति, सभ्यता और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

राष्ट्रपति को पत्र लिखने की बात कही

नाजिया इलाही खान ने कहा कि दिल्ली पहुंचने के बाद वह राष्ट्रपति को पत्र लिखकर धार स्थित मां वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन के संग्रहालय से वापस लाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने का अनुरोध करेंगी। उन्होंने कहा कि भोजशाला के विषय पर भी वह संबंधित स्तर पर विस्तृत चर्चा करेंगी।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समाज को संगठित होकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने हिंदू समाज के साथ खड़े रहने और आवश्यकता पड़ने पर सहयोग करने की बात भी कही।

समिति ने किया स्वागत-अभिनंदन

भोजशाला पहुंचने पर नाजिया इलाही खान ने परिसर में दर्शन-पूजन किया और समिति के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान भोज मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा, अध्यक्ष सुरेश चंद्र जलोदिया, महाप्रबंधक हेमंत दोराया, महामंत्री सुमित चौधरी, संरक्षक विश्वास पांडे, राजेश शुक्ला, श्रीश दुबे, राजाभव भदाने, श्याम मालवा, श्याम नायक, सतीश सोनी, पलाश शर्मा और किशन द्विवेदी सहित समिति के सदस्य, मातृशक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी समिति के मीडिया प्रमुख मोहन राठौर ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *