‘मुझसे बात कर नहीं तो परिवार को खत्म कर दूंगा’: धमकाने वाले सिरफिरे पर कोतवाली थाने में केस दर्ज
पति और बच्चे को जान से मारने की दी थी धमकी
धार। लगातार पीछा करना, अश्लील इशारे और फिर पूरे परिवार को खत्म करने की सीधी धमकी—धार शहर में एक महिला को कई दिनों तक मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। जब आरोपी की हरकतें हद से बाहर हो गईं और उसने महिला के पति व बच्चे की जान लेने की धमकी दे डाली, तब पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस की शरण ली।
कोतवाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खारीबावड़ी (धार) निवासी आरोपी राकी आहूजा के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया है। आरोपी 20 सितंबर की सुबह 11:15 बजे से लेकर 7 अक्टूबर की रात 11:30 बजे के बीच लगातार महिला को परेशान कर रहा था। इस दौरान वह बुरी नीयत से दूर से अश्लील इशारे करता और हर जगह पीड़िता का पीछा करता था। हद तब हो गई जब उसने महिला को रोककर कहा, “मुझसे बात कर, वरना तेरे पति और बच्चे को जान से मरवा दूंगा।” लगातार मिल रही धमकियों के बाद पीड़िता ने 9 अक्टूबर शुक्रवार की रात थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद देर रात 11:37 बजे पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने आरोपी राकी आहूजा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(2), 79 और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। महिला अपराधों और स्टॉकिंग के मामलों में नए कानूनी प्रावधानों के तहत दर्ज इस प्रकरण के बाद पुलिस आरोपी की धरपकड़ और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।
