Headlines

सादलपुर में ढाबे पर विवाद के बाद युवक की चाकू घोंपकर हत्या, तीन पर हत्या व एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज

एक आरोपी गोलू पुलिस की गिरफ्त में, बाकी दो फरार

धार। ढाबे पर आने की मामूली बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने एक राय होकर 24 वर्षीय युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह सनसनीखेज वारदात 8 अक्टूबर की रात ग्राम गुणावद में तिरुपति ढाबे के टी-स्टॉल और सर्विस रोड स्थित सुनील सवनेर की गुमटी के सामने हुई। नियामतखेड़ी (थाना नौगांव) निवासी विकास (24) पिता तेजकरण का तिरुपति होटल पर आने को लेकर गुणावद निवासी सद्दाम उर्फ गोलू, इमरान और बाबू से विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपियों ने विकास के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और मारपीट की। इसके कुछ ही देर बाद आरोपी एकमत होकर चाय की गुमटी के पास पहुंचे, जहाँ आरोपी सद्दाम उर्फ गोलू ने जान से मारने की नीयत से विकास के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर चोट लगने से विकास ने दम तोड़ दिया।

घटना में घायल सुनील के बयान के आधार पर देहाती नालसी दर्ज की गई। सादलपुर पुलिस ने 9 अक्टूबर की सुबह भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296(ए), 115(2), 351(3), 3(5) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब नामजद आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर रही है, वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *