महिला सशक्तीकरण को राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला बताया
नवरात्रि पर बेटियों को समान अवसर देने और महिलाओं के सम्मान का संकल्प लेने का आह्वान
धार। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है। माँ दुर्गा की आराधना तभी सार्थक होगी, जब समाज में प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर मिलेंगे। बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। महिला सशक्तीकरण केवल महिलाओं के विकास का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। यह बात केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री एवं धार-महू सांसद सावित्री ठाकुर ने मीडिया से कही।
मंत्री ठाकुर ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, उद्यमिता, कृषि और राजनीति सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। जब कोई महिला शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। इसलिए महिलाओं के निर्णयों का सम्मान करने, भेदभाव से मुक्त वातावरण तैयार करने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहल की गई हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023 के माध्यम से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटों के आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और निर्णय-निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त करना है।
मंत्री ने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान बालिकाओं की शिक्षा और उनके प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करता है। मिशन शक्ति महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण पर केंद्रित है, जबकि सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के माध्यम से मातृ एवं बाल पोषण को मजबूती देने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाती है।
नवरात्रि पर लें नारी सम्मान और सेवा का संकल्प
सावित्री ठाकुर ने कहा कि शारदीय नवरात्रि हमें सत्य, न्याय और लोककल्याण के लिए शक्ति का सदुपयोग करने की प्रेरणा देती है। इस पावन अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि वे बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देंगे, महिलाओं के योगदान का सम्मान करेंगे और जरूरतमंद महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए आगे आएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी आस्था आत्मबल बने, भक्ति सेवा का मार्ग प्रशस्त करे और हमारे संकल्प महिला सशक्तीकरण तथा बाल कल्याण को नई दिशा दें। माँ दुर्गा से प्रार्थना है कि प्रत्येक महिला को आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की शक्ति मिले तथा प्रत्येक बेटी अपने सपनों को साकार कर सके। समाज मिलकर ऐसे भारत के निर्माण में योगदान दे, जहां नारी का सम्मान हो, बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो और सभी को समान अवसर मिलें।
