जांच पर से पुलिस ने जावेद, रिजवान, सादिक और शमशाद के नाम और बढ़ाए
धार। ढाबे पर पहुंचने की मामूली बात से उपजा विवाद चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया और एक 24 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। कहासुनी के बाद हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए युवक के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ चार नए आरोपियों के नाम भी प्रकरण में जोड़े गए हैं।
यह सनसनीखेज वारदात 8 अक्टूबर की रात ग्राम गुणावद में तिरुपति ढाबे के टी-स्टॉल और सर्विस रोड स्थित सुनील सवनेर की गुमटी के सामने घटी। नियामतखेड़ी (थाना नौगांव) निवासी 24 वर्षीय विकास पिता तेजकरण का ढाबे पर आने को लेकर गुणावद निवासी सद्दाम उर्फ गोलू, इमरान और बाबू से विवाद हुआ था। आरोपियों ने पहले विकास के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और फिर सुनियोजित तरीके से गुमटी के पास पहुंचकर सद्दाम उर्फ गोलू ने विकास के सीने पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया।
घटना में घायल प्रत्यक्षदर्शी सुनील के बयान पर सादलपुर पुलिस ने 9 अक्टूबर की सुबह भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296(ए), 115(2), 351(3), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
एडिश्नल एसपी पारुल बेलापुरकर ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों सद्दाम उर्फ गोलू, इमरान और बाबू को गिरफ्तार कर लिया था। विवेचना के दौरान सामने आए नए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में जावेद, रिजवान, सादिक और शमशाद के नाम भी शामिल किए हैं। बाकी चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ मामले की विस्तृत जांच जारी है।
