इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार में छाया मातम
धार। पीथमपुर सेक्टर एक थाना क्षेत्र के कालका माता मंदिर के पास स्थित एक छोटे तालाब में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से बंक कर तालाब में कमल के फूल तोड़ने उतरे 11 वर्षीय छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चा कक्षा 6 का विद्यार्थी था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
फूल तोड़ने की जिद पड़ी भारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चा बुधवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन कक्षा में नहीं पहुँचा। वह अपने एक साथी के साथ घूमते हुए तालाब के पास पहुँच गया। पानी में खिले कमल के फूलों को देखकर उसने उन्हें तोड़ने की जिद की और तालाब में उतर गया। गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव
साथी बच्चे के शोर मचाने पर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोपहर करीब 1 बजे मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थानीय रहवासियों और नगर पालिका की गोताखोरी टीम की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं परिजन
मृतक का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और यहाँ किराए पर निवास करता है। बच्चे के पिता एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं। इकलौते बेटे की इस आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
