Headlines

धार के वृद्धाश्रम की अनूठी पहल, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को मिलेगी मुफ्त ई-रिक्शा सेवा

समाजसेवी विजय बहादुर सिंह ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में भेंट की ई-रिक्शा

धार। मध्य प्रदेश का ऐतिहासिक शहर धार सेवा और नवाचार के एक अनूठे मानवीय मॉडल का गवाह बना है। यहाँ के ‘श्रद्धालय वृद्धाश्रम’ ने समाज के प्रति संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए निःशुल्क परिवहन देने वाले देश के पहले वृद्धाश्रम के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यह सौगात केवल आश्रम के वृद्धजनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर की महिलाओं, दिव्यांगों और अन्य वरिष्ठ नागरिकों को भी सम्मानपूर्वक गंतव्य तक पहुँचाएगी।

​भोज शोध संस्थान द्वारा संचालित इस वृद्धाश्रम में समाजसेवी विजय बहादुर सिंह ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में एक ई-रिक्शा भेंट किया। संस्थान प्रबंधन ने वृद्धजनों की सहमति से इस वाहन के जरिए पूरे शहर के जरूरतमंद वर्गों को मुफ्त सफर कराने का निर्णय लिया।

संस्थान के निदेशक डॉ. दीपेंद्र शर्मा के अनुसार, विजयदशमी से यह सेवा सप्ताह के सातों दिन नियमित रूप से शुरू की जाएगी, जिसका आज से एक सप्ताह का ट्रायल रन आरंभ हो चुका है। शुरुआत में यह ई-रिक्शा दो प्रमुख मार्गों—वृद्धाश्रम से बस स्टैंड, जिला अस्पताल और कोर्ट परिसर के बीच संचालित होगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इसमें जीपीएस के साथ संगीत की व्यवस्था भी जोड़ी जा रही है।

​इस अवसर पर दानदाता विजय बहादुर सिंह, अमिताभ व्यास, अमित ठाकुर, मनोज पंवार, विजय राजू ठाकुर, धीरेंद्र दिघे वृद्धाश्रम के सत्कार अधिकारी व पूर्व सहायक संचालक शिक्षा जयन्त जोशी, योगाचार्य रामकिशोर पांडे, पेंशनर जी कोर, डॉ साधना  चौहान, टिशा ठाकुर, विद्या गुंजाल, रानी सुभाष पंवार आदि विशेष रूप से उपस्थित थे।

अधिकारियों व अतिथियों ने वृद्धजनों के साथ इस ई-रिक्शा में यात्रा कर व्यवस्था का जायजा लिया। पेंशनर संघ और ‘सुपर 60 प्लस’ समूह ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया है।

​संस्थान का लक्ष्य आने वाले समय में संसाधनों की उपलब्धता के अनुसार अन्य मार्गों पर भी इस सेवा का विस्तार करना है। अपने नवाचारों के लिए पहचाने जाने वाले श्रद्धालय वृद्धाश्रम का यह कदम भविष्य में अन्य सामाजिक संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा, जिससे सार्वजनिक परिवहन में वरिष्ठ और निःशक्त नागरिकों की राह अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *