Headlines

धामनोद में मेले के झूले का विवाद खूनी संघर्ष में बदला

सहेली संग झूलने पर नाबालिग को पीटा, बीच-बचाव करने आए युवक के पेट में घोंपा चाकू

धार। मेले की जगमगाहट और झूले की मौज-मस्ती के बीच मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी और जानलेवा हमले तक जा पहुंचा। देवीजी मंदिर मेले में बहन की सहेली के साथ झूले में बैठने को लेकर उपजी तनातनी ने देर रात हिंसक रूप ले लिया, जहाँ आरोपियों ने एक नाबालिग से मारपीट की और उसे बचाने दौड़े युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया।

शनिवार, 17 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे देवीजी मंदिर के पास आराध्या इलेक्ट्रॉनिक दुकान के सामने यह वारदात हुई। फरियादी 16 वर्षीय कार्तिक चौहान निवासी सरदार पटेल मार्ग (सुन्द्रेल फाटा) अपनी बहन भूमिका और साथी रणजीत वर्मा के साथ दोबारा मेला देखने जा रहा था। इसी दौरान ग्राम दुधी निवासी शिवम, पीयूष, ललित और उनके अन्य साथी सफेद रंग की कार (MP09CR8372) से पहुंचे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कार्तिक पर थप्पड़-मुक्कों से हमला बोल दिया, जिससे उसके सिर, गाल, छाती और कलाई पर चोटें आईं। इस दौरान जब रणजीत वर्मा बीच-बचाव करने आगे बढ़ा, तो शिवम ने जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी अपनी कार मौके पर ही छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। धामनोद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 18 अक्टूबर को तड़के 04:36 बजे आरोपी शिवम, पीयूष, ललित सहित अन्य साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(B), 115(2), 109(1), 351(3) और 3(5) के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

इस वारदात की जड़ मेले में झूले पर बैठने से शुरू हुई थी, जब पहली बार में लड़की के पिता ने आपत्ति जताते हुए टोका-टोकी की थी; उसके बाद घर लौटकर वापस आए युवकों पर योजनाबद्ध तरीके से कार सवार आरोपियों ने हमला बोल दिया। मौके से बरामद कार के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है, वहीं सार्वजनिक स्थान पर देर रात हुए इस खूनी संघर्ष के बाद क्षेत्र में मेले की सुरक्षा व्यवस्था और उपद्रवियों पर निगरानी को लेकर सख्ती बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *