अमझेरा में युवक पर जानलेवा हमला और जातिसूचक गालियां, 5 पर केस दर्ज
धार। घर के बाहर बुलेट खड़ी करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली सी कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पांच युवकों ने एकराय होकर न केवल युवक पर लकड़ी के पटिए और लाठियों से हमला कर सिर फोड़ दिया, बल्कि जातिसूचक गालियां देकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ितों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना अमझेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नानाघाट की है। शनिवार, 17 अक्टूबर की रात करीब 9:50 बजे फरियादी रामरतन सालवी (60) और उनका बेटा लखन सालवी (35) अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी चिन्नू अपनी बुलेट बाइक लेकर आया और फरियादी के घर के ठीक सामने खड़ी कर दी। जब लखन ने वहां से बुलेट हटाने के लिए कहा, तो विवाद शुरू हो गया। कुछ ही देर में चिन्नू अपने चार अन्य साथियों—कुशल, चिराग सुतार, राज (पिता घनश्याम गवली) और नरेंद्र कुशवाह के लड़के (नाम अज्ञात) को साथ लेकर पहुंचा।
आरोपियों ने लखन के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इस दौरान आरोपी राज ने लकड़ी के पटिए से लखन पर वार कर उसके सिर के बाईं तरफ गंभीर चोट पहुंचाई। वहीं, आरोपी कुशल और चिराग ने लाठियों से हमला कर लखन के बाएं हाथ और पीठ पर चोटें मारीं। जाते-जाते सभी ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष अमझेरा थाने पहुंचा, जहां 18 अक्टूबर की रात 00:19 बजे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 191(2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) एवं 3(2)(वीए) के तहत प्रकरण दर्ज किया।
मोहल्ले में मामूली बात पर खुलेआम हुई इस मारपीट और जातीय गाली-गलौज के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति न बने, इसे देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों सहित अज्ञात युवक की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
