बाग में कपास के खेत से 446 किलो गांजा बरामद, आरोपी की तलाश तेज
धार। खेतों में सफेद कपास की आड़ लेकर नशे की हरी फसल तैयार करने का एक बड़ा खेल धार पुलिस की सतर्कता से बेनकाब हो गया। ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान बाग पुलिस ने ग्राम कनेरी के बैकल्यापुरा में दबिश देकर करीब 67 लाख रुपए मूल्य के गांजे के पौधे जब्त किए हैं।
घटनाक्रम के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने के बाद कुक्षी एसडीओपी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी बाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बैकल्यापुरा स्थित एक खेत में सर्चिंग की। वहां कपास की फसलों के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के 586 हरे पौधे पाए गए। पुलिस ने मौके से कुल 446.6 किलोग्राम गांजे के पौधे विधिवत जब्त किए, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य 66,99,000 रुपए आंका गया है। खेत का कथित मालिक भंगड़ा (पिता पिडिया भंवर, निवासी भिलाला) मौके से फरार हो गया, जिसके खिलाफ थाना बाग में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज किया गया है।
“नशा मुक्त भारत” अभियान के संकल्प को साकार करने एवं अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार विजय डावर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कुक्षी ओमप्रकाश अहीर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बाग निरीक्षक हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी बाग निरीक्षक हिरुसिंह रावत, चौकी प्रभारी डेहरी उप निरीक्षक नवलसिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक गोरेलाल शुक्ला, प्रधान आरक्षक 847 बाबुसिंह कामलिया, प्रधान आरक्षक 850 भावसिंह रावत, प्रधान आरक्षक 545 रेलमसिंह भिंडे, आरक्षक 697 प्रीतम, आरक्षक 805 रविन्द्र, आरक्षक 405 मुकेश, सैनिक 1207 अजय एवं साइबर सेल धार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खेती की मिल रही शिकायतों के बीच हुई इस बड़ी बरामदगी से नशे के अवैध सिंडिकेट को कड़ा झटका लगा है। पुलिस की विशेष टीमें अब फरार आरोपी की धरपकड़ के साथ-साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित तारों की पड़ताल में जुटी हैं, जिससे इलाके में चल रहे अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
