Headlines

धार : दुकान पर सामान लेने को लेकर मामूली विवाद में युवक की बेरहमी से चाकू व डंडे से हत्या

बीच-बचाव करने पहुंचे भाई पर भी कड़े और चाकू से सिर पर हमला

धार। किराना दुकान के सामने सामान खरीदने के दौरान ‘साइड हटने’ जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। गाली-गलौज से शुरू हुई कहासुनी के बाद आरोपियों ने एक युवक पर लात-घूंसों, डंडे और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ दिया, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई को भी लहूलुहान कर दिया गया।

यह वारदात 19 अक्टूबर सोमवार की दोपहर करीब 12:00 से 12:30 बजे के बीच नालछा थाना क्षेत्र के ग्राम सोडलियापुरा में तुलसीराम उर्फ बल्लू की दुकान के बाहर हुई। मृतक की पहचान राजेश (32 वर्ष), पिता रायसिंह कटारे, निवासी ग्राम सोडलियापुरा के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने गांव के ही भारत उर्फ भूरा (पिता राजू चौहान), अनिल (पिता कैलाश भाबर) और भूरा के चार अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 109(1), 296(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।

घटना के विवरण के अनुसार, दोपहर के वक्त दुकान पर सामान लेने के दौरान फरियादी के भाई राजेश ने आरोपियों से साइड हटने के लिए कहा। इसी बात पर तैश में आकर मुख्य आरोपी भूरा विवाद करने लगा और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते भूरा, अनिल और उनके एक अन्य साथी ने राजेश पर लात-घूंसों व थप्पड़ों से हमला कर दिया। विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से राजेश की जांघ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे अत्यधिक खून बहने लगा। इसी बीच आरोपी अनिल ने पास में पड़ा डंडा उठाकर राजेश के सिर पर दे मारा। भाई को पिटता देख जब फरियादी बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया; भूरा ने हाथ में पहने कड़े और चाकू से फरियादी के सिर पर वार कर उसे भी घायल कर दिया। अत्यधिक चोटें आने के कारण राजेश की मौत हो गई।

नालछा पुलिस ने घटना की रात एफआईआर दर्ज कर ली है। दिनदहाड़े गांव के बीचों-बीच हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी और तनाव का माहौल है। पुलिस नामजद आरोपियों सहित फरार साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के तनाव को रोकने के लिए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *