Headlines

धार की मायापुरी कॉलोनी में दो पक्षों में खूनी झड़प : चाकू, फालिया और गुप्ती चले, कार में तोड़फोड़

महिलाओं सहित कई लोग घायल, नौगांव पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज की एफआईआर

धार। धार के नौगांव थाना क्षेत्र स्थित मायापुरी कॉलोनी में रविवार की रात अचानक चीख-पुकार और हथियारों की खनक से दहल उठी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि डंडों के साथ चाकू, फालिया और गुप्ती जैसे धारदार हथियार निकल आए। दोनों ओर से हुए इस जानलेवा हमले में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए, जबकि एक कार का कांच भी तोड़ दिया गया।

घटना 18 अक्टूबर रविवार की रात करीब 9:30 से 9:40 बजे के बीच नौगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मायापुरी कॉलोनी में घटी। यहां रहने वाले दो पक्षों के बीच गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पहले पक्ष से मोहित मकवाने (17) और बीच-बचाव करने आए अमित डोडियार (17) पर चाकू व फालिये से वार किए गए, जिससे मोहित के कंधे और अमित के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। वहीं, दूसरे पक्ष से अमन मालवीय (19), रितिक (22), रानूबाई (40), विष्णुबाई (40), ऋषि (29) और बादल (33) घायल हुए हैं। हमले के दौरान बादल पर गुप्ती से वार करने और ऋषि की कार के अगले कांच को डंडे मारकर फोड़ने के आरोप हैं।

मामले में नौगांव थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर 19 अक्टूबर सोमवार को क्रॉस कायमी दर्ज कर ली है। पहले पक्ष की रिपोर्ट पर अमन, रितिक, निखिल, रोशन, ऋषि और बादल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, दूसरे पक्ष के अमन मालवीय की शिकायत पर मोहित, अमित, तनिष, गोपाल, कमल, पप्पीबाई और आशीष चौहान के विरुद्ध धारा 296(a), 115(2), 351(3), 3(5) और 324(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

प्राथमिक विवरण के अनुसार इस हिंसक झड़प की जड़ में पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जो मामूली कहासुनी के बाद हिंसक टकराव में बदल गई। दोनों पक्षों में शामिल नाबालिगों और धारदार हथियारों के खुले इस्तेमाल को देखते हुए पुलिस इलाके में तनाव पर नजर बनाए हुए है, वहीं दर्ज मामलों के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *