Headlines

इंस्टाग्राम मैसेज को लेकर युवक को कुर्सी से बांधकर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा

अंडरवियर में डाली मिर्च, मोबाइल का लॉक न खोलने पर दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

धार। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भेजे गए एक मैसेज का विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक को बंधक बनाकर उसके साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। गाली-गलौज के बाद युवक की गर्दन पर कोई नुकीली चीज अड़ाकर उसे कमरे में ले जाया गया, जहाँ कुर्सी से बांधकर लोहे की रॉड और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, बर्बरता की पराकाष्ठा करते हुए आरोपियों ने घायल युवक के अंतःवस्त्र (अंडरवियर) में तीखी मिर्च तक डाल दी।

यह सनसनीखेज वारदात 18 अक्टूबर रविवार की दोपहर करीब 1:15 बजे ग्राम सेजवाया स्थित राजा गोस्वामी की होटल शिवशक्ति के पीछे बने एक कमरे में हुई। पीड़ित देवेन्द्रवन (29 वर्ष, निवासी ग्राम मागोद) के अनुसार, आरोपी बिट्टू उर्फ अशोक ने उससे इंस्टाग्राम पर मैसेज करने की बात को लेकर विवाद शुरू किया। इसके बाद आरोपी बिट्टू, पिंटू और रिंकू (तीनों निवासी ग्राम सेजवाया) व अन्य साथियों ने मिलकर देवेन्द्रवन को कमरे में बंद कर रस्सी से बांध दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, लात-घूंसों और थप्पड़ों से उसके दोनों हाथों, पैरों की जांघों, पीठ, कूल्हों और बाएं कान पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। मोबाइल का लॉक खोलने का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित की शिकायत और चौकी डेहरी सराय के अपराध क्रमांक 89/26 के आधार पर पुलिस ने 19 अक्टूबर सोमवार की रात 11:54 बजे मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपियों बिट्टू उर्फ अशोक, पिंटू, रिंकू और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 127(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में सोशल मीडिया विवाद के चलते हुई इस तरह की क्रूरता से आक्रोश का माहौल है और पुलिस अब मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *