कलेक्टर के आदेश की अव्हेलना पर त्रिमूर्ति चौराहे पर हुई कार्रवाई
धार। त्योहारी माहौल के बीच प्रशासन के नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक डीजे बजाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर के त्रिमूर्ति चौराहा स्थित अभिव्यक्ति स्थल पर चल रहे ‘रंगरास गरबा महोत्सव’ में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाना आयोजकों को महंगा पड़ गया। नौगांव थाना पुलिस ने मौके पर दबिश देकर न केवल डीजे उपकरण जब्त किए, बल्कि छह लोगों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए मामला दर्ज कर लिया।
यह कार्रवाई मंगलवार, 20 अक्टूबर को तड़के करीब 2:30 बजे की गई। पुलिस के अनुसार, त्रिमूर्ति चौराहे पर बिना प्रशासनिक अनुमति के डीजे संचालित किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने आरोपी हितेश (पिता ईश्वरलाल शर्मा, निवासी बदनावर), ऋषभ (पिता मुकेश जैन, निवासी हैप्पी विला कॉलोनी धार), मनीष (पिता महेश डामोर, निवासी चाणक्यपुरी धार), प्रतीक (पिता महेंद्र सिंह ठाकुर, निवासी तोरनोद), अक्षय (पिता रोशनलाल ठाकुर, निवासी तिरुपति नगर धार) और शैलेंद्र (पिता राजेंद्र ठाकुर, निवासी तोरनोद) के विरुद्ध कार्रवाई की है। पुलिस ने सुबह 4:49 बजे भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया तथा पंचों के समक्ष डीजे को विधिवत जब्त किया।
धार जिला दंडाधिकारी द्वारा 30 सितंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 8216/SW/2026 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू की गई थी। इस आदेश के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों और देर रात आयोजनों को लेकर स्पष्ट प्रतिबंध तय किए गए थे। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिलता है कि आगामी दिनों में भी पर्व और आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण व प्रशासनिक प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन की निगरानी और सख्ती इसी तरह जारी रहेगी।
