Headlines

धार के समीप बाइकों की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

धार। जिले के नालछा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागदा-गुजरी मार्ग पर सलकनपुर फाटे के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखचे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार धार के मगजपुरा निवासी भगवान लश्करी (45) और त्रिमूर्ति नगर निवासी ललित सेंडगे (48) एक बाइक पर सवार होकर मानपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान मांडव की ओर से धार आ रही एक अन्य बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर बिलोदा निवासी प्रवीण (25) और रोहित (25) सवार थे। हादसे में त्रिमूर्ति नगर निवासी ललित सेंडगे और बिलोदा निवासी प्रवीण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, भगवान लश्करी और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।

दोनों गंभीर घायलों को तुरंत उपचार के लिए धार जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चुरी कक्ष में रखवाया गया है। मृतक प्रवीण के भाई धर्मराज ने बताया कि प्रवीण और रोहित बिलोदा से धार स्थित अपने जीजा के घर जाने के लिए निकले थे। वहीं, दूसरे पक्ष के भगवान लश्करी के परिजनों के मुताबिक, वे धार से अपनी ससुराल मानपुर जा रहे थे। रास्ते में सलकनपुर फाटे के पास हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नालछा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *