Headlines

धार में आधी रात बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों पर पुलिस की सख़्त कार्रवाई

पुलिस ने रातभर चलाया चेकिंग अभियान, कानफोड़ू साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त

धार। त्योहारी माहौल में सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ती स्पोर्ट्स बाइक और बुलेट के कानफोड़ू साइलेंसर से शांति भंग करने वालों की अब खैर नहीं है। नवरात्रि के दौरान शहरवासियों की शांति और सुरक्षा में खलल डालने वालों पर नकेल कसने के लिए धार पुलिस आधी रात को सड़कों पर उतरी और नियम तोड़ने वाले चालकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में यातायात थाना पुलिस की विशेष टीम ने 19 और 20 अक्टूबर की दरमियानी रात 11:00 बजे से लेकर देर रात 1:00 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दो घंटे की कार्रवाई के दौरान टीम ने मुख्य रूप से बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों को रोककर जांच की।

चेकिंग में करीब 20 से 25 वाहनों की बारीकी से पड़ताल की गई, जिसमें कई बाइकों में अवैध रूप से लगे मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पकड़े गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा ड्राइविंग करने और तय सीमा से अधिक तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने जैसी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं।

​नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों के खिलाफ पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्रवाई करते हुए चालान काटे। साथ ही मौके पर ही वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न हटवाने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित कराई गई।

​पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर में देर रात हुड़दंग मचाने वाले चालकों में हड़कंप का माहौल है। धार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि अभिभावकों ने नाबालिगों को वाहन सौंपे या साइलेंसर मॉडिफाई कराए, तो आगे भी बिना किसी रियायत के वाहन जब्ती और कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

कल शाम को एसपी सचिन शर्मा ने एक वीडियो जारी कर एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें सख्त हिदायत देते हुए युवकों और हुड़दंगियों पर कार्रवाई करने की बात कही थी, इसके बावजूद युवकों और पालकों ने समझदारी नहीं दिखाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *