गढ़ी थी बाइक हादसे की झूठी कहानी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला पति का खौफनाक राज
धार। लकवाग्रस्त मासूम बेटे के इलाज की गुहार एक मां के लिए काल बन गई। जिस पति से एक लाचार मां ने अपने बच्चे की जिंदगी के लिए पैसे मांगे थे, उसी ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने पुलिस के सामने बाइक से फिसलने की झूठी पटकथा रची, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मेडिकल हकीकत और पुलिस की तकनीकी जांच के आगे उसकी यह साजिश टिक नहीं सकी।
यह दिल दहला देने वाली वारदात 16 अक्टूबर को धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाण्डीखाली में घटित हुई। मृतका सन्नूबाई ने अपने लकवाग्रस्त बेटे साहिल के उपचार के लिए पति राजेश पिता दरियावसिंह मंडोर से पैसों की मांग की थी। राजेश ने पैसे न होने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर आरोपी राजेश ने अपनी पत्नी को पीछे से दबोचा और दीवार पर दे मारा। जमीन पर गिरते ही उसने सन्नूबाई के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ लातें बरसाईं, जिससे वह मौके पर ही अचेत हो गई।
परिजन आनन-फानन में सन्नूबाई को राजगढ़ स्थित कंचन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कानूनी शिकंजे से बचने के लिए पति ने शुरुआत में बयान दिया कि पत्नी बाइक से गिरकर घायल हुई थी। हालांकि, पुलिस को इस बयान पर संदेह हुआ।
पोस्टमार्टम जांच में महिला का लिवर और तिल्ली (स्प्लीन) फटने तथा भारी आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) होने की पुष्टि हुई। चिकित्सीय रिपोर्ट और गवाहों के बयानों ने साफ कर दिया कि मौत किसी सामान्य सड़क हादसे से नहीं, बल्कि बर्बर पिटाई से हुई है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सरदारपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश मंडोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी को तस्दीक के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची और वारदात के साक्ष्य जुटाए।
पुलिस जांच पूरी कर आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश करेगी, जहां इस जघन्य कृत्य के लिए उसे सख्त न्यायिक प्रक्रिया और सजा का सामना करना होगा; वहीं दूसरी ओर, मां की असमय मौत और पिता के सलाखों के पीछे जाने से लकवाग्रस्त मासूम बेटा बेसहारा हो गया है।
