धार। दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों ने धामनोद थाना क्षेत्र में एक बार फिर दस्तक दी है। चोरों ने कछवानिया स्थित एक घर का ताला चटकाकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी जब घर लौटा, तब इस वारदात का खुलासा हुआ।
यह घटना 24 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे के बीच स्कूल पुरा, कछवानिया में घटी। 20 वर्षीय फरियादी सुभाष (पिता अमीचंद गावस्कर, जाति भील) के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोला। अज्ञात आरोपी मकान का मुख्य ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ दिया। चोर अलमारी से एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक सोने का मंगलसूत्र, चांदी के हाथ के कंगन (गजरा), चांदी की चेन, चांदी की अंगूठी और चांदी की पोईची समेत करीब 1,50,000 रुपये के जेवरात और 10,000 रुपये नकद समेटकर मौके से फरार हो गए।
मामले में फरियादी की शिकायत पर धामनोद थाना पुलिस ने 26 अक्टूबर सोमवार शाम को अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से कछवानिया क्षेत्र के ग्रामीणों में अपनी सुरक्षा और संपत्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की विवेचना जारी है।
