Headlines

धार में गूंजी युवाओं की आवाज : ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर हुआ मंथन, तीन युवा भोपाल में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

धार। जब लोकतंत्र की बारीकियों और देश की भावी दिशा पर युवा मुखर होकर संवाद करते हैं, तो नीतियां केवल कागजों तक सीमित न रहकर जीवंत बहस का रूप ले लेती हैं। कुछ ऐसा ही दृश्य धार के विक्रम सभागृह में देखने को मिला, जहाँ संसदीय अनुशासन और तार्किक बहसों के बीच जिले के युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर अपनी गहरी समझ और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी परिचय दिया।

यह आयोजन मंगलवार, 03 नवंबर को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत), धार द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के ऑडिटोरियम हॉल स्थित विक्रम सभागृह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक नीना वर्मा, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। इस समागम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में लोकतांत्रिक मूल्यों, वैचारिक संवाद और संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति समझ विकसित करना था।

दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रथम सत्र ‘युवा संवाद’ में मुख्य अतिथि विधायक नीना वर्मा ने लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अनिवार्य बताते हुए प्रश्नोत्तर सत्र में उनके सवालों के सीधे उत्तर दिए और जिम्मेदारीपूर्वक मताधिकार का उपयोग करने का आह्वान किया।

इस दौरान यूथ आइकॉन अभिषेक ठाकुर ने ‘नो योर वोट’ के तहत निर्वाचन आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया समझाई, जबकि अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी विशाल दामके ने युवाओं को खेलों में करियर व लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। उपस्थित युवाओं को माय भारत वॉलंटियर अमित भगोरे ने लोकतांत्रिक मूल्यों व जिम्मेदार नागरिकता की शपथ भी दिलाई।

द्वितीय सत्र में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर आयोजित ‘युवा संसद’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पक्ष-विपक्ष के तर्कों को विश्लेषणात्मक ढंग से पेश किया। प्रवीण शर्मा (बीईओ), प्रेम विजय पाटिल (ब्यूरो चीफ, नईदुनिया), दीपक बिडकर (अध्यक्ष, भोज फाउंडेशन), डॉ. मीरा जामोद (प्रोफेसर, पीजी कॉलेज) एवं समाजसेवी शरद विजयवर्गीय के निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट वैचारिक प्रस्तुति के आधार पर तिशा ठाकुर ने प्रथम, कृतिका सोनी ने द्वितीय तथा पीयूष अजनारे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्थानीय स्तर पर मिली यह सफलता इन तीन होनहार युवाओं के लिए एक बड़े मंच का मार्ग प्रशस्त करेगी। चयनित तीनों विजेता प्रतिभागी अब भोपाल स्थित मध्यप्रदेश विधानसभा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय युवा संसद में धार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जमीनी स्तर से चुनकर राज्य के शीर्ष विधायी सदन तक पहुंचने का यह सफर न केवल इन युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव देगा, बल्कि जिले के अन्य युवाओं को भी लोकतांत्रिक विमर्श और नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *