Headlines

धार : पानी मांगने के बहाने घर में घुसा युवक, छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती पर चाकू से हमला

युवती के भाई को धक्का देकर भागा आरोपी शाहरूख

धार। घर में अकेली युवती से पानी मांगने के बहाने अंदर घुसना और फिर गलत नीयत से हमला कर देना—मनावर थाना क्षेत्र में घटित इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छेड़छाड़ का विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए युवती पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर की शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच मनावर थाना क्षेत्र के नाला प्रांगण (मनावर से 2 किमी पश्चिम) स्थित फरियादिया के घर की है। आरोपी की पहचान शाहरुख पिता मखमुउद्दीन मुलतानी (निवासी कसरावद, जिला खरगोन) के रूप में हुई है। फरियादिया जब घर पर अकेली थी, तब आरोपी ने दरवाजा खटखटाया। घर पर किसी के न होने की बात कहने पर भी आरोपी ने पानी पीने का बहाना बनाया। फरियादिया जैसे ही पानी लेने अंदर गई, आरोपी ने दरवाजा बंद कर लिया और “तुझे पसंद करता हूँ” कहकर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। युवती के शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से वार कर दिया, जिससे फरियादिया के सीधे हाथ में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। युवती किसी तरह भागकर दरवाजा खोलने में सफल रही, जहां सामने उसका भाई दिखा। उसे देखते ही आरोपी धक्का देकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद घायल फरियादिया पहले अपना प्राथमिक उपचार कराने के बाद थाने पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर मनावर पुलिस ने बुधवार, 4 नवंबर शाम को आरोपी शाहरुख के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 74, 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घर में घुसकर जानलेवा हमले की इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। पुलिस अब फरार आरोपी शाहरुख की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कानून विशेषज्ञों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि नए आपराधिक कानूनों के कड़े प्रावधानों के तहत त्वरित जांच और ठोस कार्रवाई ही ऐसे बेखौफ अपराधियों में कानून का डर कायम कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *