धार। मेहनत की पाई-पाई जोड़कर गुल्लक में जमा की गई नकदी पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित विनायक कुंज कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश ताला तोड़कर भीतर घुसे और कमरे में रखी प्लास्टिक की गुल्लक सहित 40 से 50 हजार रुपये की नकदी चुराकर फरार हो गए।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत विनायक कुंज कॉलोनी की है। फरियादी अंकित पिता संतोष सेन (उम्र 30 वर्ष) के अनुसार, 2 नवंबर की मध्यरात्रि 12:00 बजे से 4 नवंबर की सुबह 8:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़ा। घर के अंदर रखी प्लास्टिक की गुल्लक, जिसमें लगभग 40,000 से 50,000 रुपये जमा थे, अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। फरियादी द्वारा थाने पहुंचकर सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने 4 नवंबर को दोपहर मामला दर्ज किया है।
कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिहायशी कॉलोनी में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
