धार। दीपावली के उल्लास और ढोल-धमाकों के बीच अचानक गूंजी एक चीख ने पूरे गांव को दहला दिया। जिस रात ग्रामीण त्योहार के नाच-गाने में मग्न थे, उसी रात कुछ ही दूरी पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जश्न का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब खेत की मेड़ पर 35 वर्षीय युवक लहूलुहान हालत में जिंदगी की अंतिम सांसें गिनता मिला।
यह सनसनीखेज वारदात मनावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टेमरिया के घावलियापूरा में 8 नवंबर की देर रात घटित हुई। यहां रहने वाले बाबू उर्फ बाबूलाल मंडलोई (35) की सिर पर जानलेवा हमला कर हत्या कर दी गई। गांव में आयोजित दीपावली के सांस्कृतिक कार्यक्रम के समाप्त होते ही, रात करीब 2:30 बजे बंडू के कपास के खेत से चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो बाबू बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके सिर के पिछले हिस्से से लगातार खून बह रहा था और थोड़ी ही देर में उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। सिविल अस्पताल के डॉ. हिमांशु पटेल के अनुसार, युवक की मौत सिर में आई गंभीर चोट की वजह से हुई है। पुलिस ने मामले में विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है और भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
घटना के बाद से गांव में तनाव और शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे दो बेटों और एक बेटी से भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है। पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों और आपसी रंजिश के बिंदुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है, ताकि हत्या की इस गुत्थी को जल्द सुलझाया जा सके।
