धार। आस्था, परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के आधारस्तंभ गौवंश के सम्मान का पर्व ‘गोवर्धन पूजा’ धार जिले में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। गौ-पूजन की वैदिक परंपरा के साथ-साथ इस अवसर पर पशुपालकों की मेहनत को मंच देकर सम्मानित किया गया, जिससे त्योहार का उल्लास दोगुना हो गया।
जिले के श्री लक्ष्मी गोशाला में 9 नवंबर को आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में गोवर्धन पूजा एवं गौ-माता की आरती के साथ शुरुआत हुई। इस दौरान विधायक नीना वर्मा, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और पशुपालन विभाग के उप संचालक राकेश सिसोदिया सहित गोशाला संचालक मंडल के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण व पशुपालक मौजूद रहे।
इसी आयोजन के साथ भोपाल के रवीन्द्र भवन से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश भर की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि सीधे डीबीटी के जरिए अंतरित की गई।

धार जिले के सभी सात विकासखंडों की निर्धारित ग्राम पंचायतों में भी गोवर्धन पर्व का आयोजन किया गया। इस मौके पर ‘गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के तहत देसी नस्ल की गायों के दुग्ध उत्पादन का तीन सत्रों में मापन कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कृत किया गया। योजना के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार विजेता को 25 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि गौ-संरक्षण और संवर्धन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण आजीविका की रीढ़ है। डीबीटी के जरिए मिली 60 करोड़ रुपये की सहायता राशि से जहां निराश्रित गौवंश के नियमित भरण-पोषण और गौशालाओं के सुचारू संचालन को मजबूती मिलेगी, वहीं दुग्ध उत्पादन आधारित नकद पुरस्कारों से किसानों व पशुपालकों में देसी नस्लों के संरक्षण और पालन के प्रति नया प्रोत्साहन देखने को मिलेगा।
