Headlines

धार में ‘इनाम क्यों बांट रहा है’ कहकर युवक पर चाकू से हमला, लात-घूंसों से पीटा; तीन पर केस दर्ज

धार। धार्मिक स्थल के पास देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर लात-घूंसे और चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को केवल इस बात पर निशाना बनाया कि वह लोगों को इनाम क्यों बांट रहा था। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

घटना सोमवार, 9 नवंबर रात करीब 8:30 बजे की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालिका माता मंदिर और काल भैरव के समीप डीआरपी लाइन निवासी 28 वर्षीय विकास पिता मांगीलाल मेड़ा के साथ यह वारदात हुई। पीड़ित के अनुसार, दौलत नगर निवासी कार्तिक पिता बद्री चौहान, अर्जुन कॉलोनी निवासी माखन और अर्जुन कॉलोनी टेकरी निवासी रवि ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले ‘इनाम क्यों बांट रहा है’ कहकर अभद्र गालियां दीं और फिर तीनों ने मिलकर लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसके मुंह, गाल और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। इसी दौरान आरोपी रवि ने चाकू निकालकर विकास की दाढ़ी पर वार कर दिया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने उसी रात 10:23 बजे त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(a), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। शहर के प्रसिद्ध आस्था स्थल के निकट इस प्रकार सरेआम चाकूबाजी की घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं; पुलिस अब नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इलाके में शांति व्यवस्था बनी रहे और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *