Headlines

धार में कार की लिखापढ़ी को लेकर विवाद : जीजा के घर में घुसकर साले ने की मारपीट, बीच-बचाव में बुजुर्ग महिला भी घायल

धार। रिश्तों के बीच जब लेन-देन और कागजी लिखापढ़ी का विवाद हावी हो जाए, तो बात मारपीट और थाने तक पहुँच जाती है। ऐसा ही एक मामला धार के नौगाँव थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहाँ एक कार के दस्तावेजों को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ा कि साले ने अपने ही जीजा के घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमले में फरियादी के साथ-साथ बीच-बचाव करने पहुँची एक बुजुर्ग महिला भी घायल हो गई।

घटना रविवार, 8 नवंबर की रात करीब 11:00 बजे की है। नौगाँव थाना क्षेत्र के अंतर्गत मायापुरी कालोनी निवासी 32 वर्षीय आशिक (पिता शेख मुख्त्यार) के घर उनका साला शब्बीर (पिता आशिक हुसैन) पहुँचा। वहाँ टाटा टियागो कार की लिखापढ़ी की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी शब्बीर ने गाली-गलौज करते हुए घर के भीतर घुसकर आशिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में आशिक के सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट आई। इसी दौरान जब 60 वर्षीय रेशमबाई (पति पूनमचंद खपेड़) बीच-बचाव करने आगे आईं, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।

फरियादी आशिक की रिपोर्ट पर नौगाँव पुलिस ने सोमवार, 9 नवंबर को दोपहर 12:42 बजे आरोपी शब्बीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता  की धारा 296(ए), 115(2), 333 और 351(3) के तहत घर में जबरन घुसने, मारपीट करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद मामले की विवेचना शुरू कर दी है; पारिवारिक विवाद से उपजे इस आपराधिक मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *