धार में वन और राजस्व विभाग की बड़ी बैठक
धार। धार में बुधवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में वन और राजस्व विभाग की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत चल रहे मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने साफ कहा लंबित प्रकरण अब ज्यादा दिन नहीं चलेंगे, इन्हें तय समय में खत्म करना ही होगा। वन विभाग के केसों की एक-एक करके समीक्षा की गई और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टीआर, अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडे, उप वन मंडल अधिकारी सुनील सुलिया और सरदारपुर अनुभाग के सभी एसडीएम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
वन ग्रामों को राजस्व ग्राम बनाने पर फोकस
बैठक में वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में बदलने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जमीन का सीमांकन (डिमार्केशन) लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही नक्शे भोपाल की एजेंसी को भेजे जाएंगे।
क्षतिपूर्ति वनीकरण और अतिक्रमण पर सख्ती
विभिन्न परियोजनाओं के लिए मिली जमीन पर क्षतिपूर्ति वनीकरण, सीमांकन और अधिसूचना जारी करने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। अतिक्रमण की स्थिति पर विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया गया।
डायनासोर फॉसिल पार्क को नेशनल पार्क बनाने की तैयारी
बाग क्षेत्र में स्थित डायनासोर फॉसिल पार्क को नेशनल पार्क घोषित करने की प्रक्रिया भी बैठक में छाई रही। कलेक्टर ने कहा कि जिन लोगों के वन अधिकार प्रभावित होंगे, उन्हें जमीन के मूल्य के आधार पर मुआवजा तय कर जल्द प्रस्ताव भेजें, ताकि शासन से राशि मिल सके।
साथ ही एसडीएम कुक्षी को वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर का साफ संदेश
बैठक के आखिर में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने दो टूक कहा सभी विभाग मिलकर काम करें, फाइलें अटकनी नहीं चाहिए। तय समय में काम पूरा करें और विकास कार्यों को रफ्तार दें।
