धार। धार में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत सांदीपनी महाविद्यालय परिसर में दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले की शुरुआत हुई। पहले ही दिन विद्यार्थियों और अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां रियायती दरों पर किताबें और गणवेश मिलने से खासा उत्साह नजर आया।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले का शुभारंभ विधायक नीना वर्मा ने फीता काटकर किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा बोडाने सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की।
मेले में बाजार से कम कीमत पर किताबें और गणवेश उपलब्ध होने से अभिभावकों को राहत मिली। वहीं विक्रेताओं ने भी आयोजन को सकारात्मक बताते हुए बेहतर प्रतिसाद मिलने की बात कही।
जनप्रतिनिधियों ने इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और अभिभावकों दोनों के लिए लाभकारी हैं। यह मेला 10 अप्रैल तक जारी रहेगा।
