कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई को दिया अंजाम
धार। शहर के आरटीओ रोड स्थित सब्जी मंडी में व्यापारियों और ग्राहकों के साथ तलवार और लाठियों से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। बुधवार सुबह तीनों आरोपियों ने सब्जी मंडी में जमकर उत्पात मचाया था, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार 8 अप्रैल को सब्जी मंडी में रुपेश, रोहित और भैरु ने मिलकर व्यापारियों और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की, जिससे कई लोगों को चोटें आईं। मामले में फरियादी ज्योति वर्मा (48) की शिकायत पर कोतवाली थाने में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी विजय डावर और नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी दीपकसिंह चौहान ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पुलिस को सूचना मिलने पर 9 अप्रैल को चंदेल भवन तिराहा, खेडापति गेट मंदिर के पास और बस स्टैंड क्षेत्र से आरोपी भैरु, रुपेश और रोहित (निवासी आमखेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में टीआई दीपकसिंह चौहान, उपनिरीक्षक अशोक लहरी, प्रधान आरक्षक अरविंद चौहान और आरक्षक रामनरेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
