धार। जिले के ग्राम उटावद में बुधवार को महिलाओं की मेहनत और योगदान को सलाम करते हुए खास कार्यक्रम आयोजित हुआ। भारतीय स्त्री शक्ति ने यहां कृषक मातृ शक्ति सम्मान समारोह रखकर गांव की मेहनती महिला किसानों को सम्मानित किया और आधुनिक खेती की जानकारी दी।
कार्यक्रम ग्राम पंचायत भवन में हुआ, जिसकी अध्यक्षता जिला पंचायत उपाध्यक्ष संगीता हेमसिंह पटेल ने की। जनपद पंचायत अध्यक्ष रेशम बाई, सरपंच गंगाबाई डामोर और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जैविक खेती पर जोर, योजनाओं की जानकारी
मुख्य वक्ता कृषि विभाग की सहायक संचालक संगीता तोमर ने जैविक खेती, उन्नत कृषि तकनीक, नरवाई नहीं जलाने और सरकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेती में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है, इसलिए उन्हें जागरूक होना जरूरी है।
इन महिला किसानों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में तीजा बाई राधु, ग्यारस बाई बुद्धाजी, शानू बाई दिलीप, शांताबाई गब्बू, सकू बाई मुन्नालाल, जमना बाई रामचंदर और गंगाबाई नंदराम को उन्नत कृषक के रूप में सम्मानित किया गया।
महिलाओं ने पूछे सवाल, मिला समाधान
गांव की महिला किसानों ने खेती और योजनाओं से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका मौके पर समाधान किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय स्त्री शक्ति का परिचय प्रीति काले ने दिया। संचालन शालिनी दुबे ने किया और आभार नीता फाटक ने माना। अंत में अल्पाहार और ग्रुप फोटो के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
