धार। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामलों में बदमाशों ने एक ओर जहां लाखों रुपये के औद्योगिक पाइप पार कर दिए, वहीं शहर की पॉश कॉलोनी से एक युवक की मोटरसाइकिल भी चुरा ली। इन घटनाओं ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमझेरा में 32 लाख के पाइप लेकर फरार
अमझेरा थाना क्षेत्र के ग्राम गोलपुरा में अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। फरियादी प्रदीप कालेकर के अनुसार, 10 अप्रैल की रात 1 से 3 बजे के बीच बदमाश तीन वाहन (आयशर) लेकर पहुंचे और तोलाराम गामड़ की जमीन पर रखे 130 लोहे के पाइप चोरी कर ले गए। ये पाइप करीब 15 फीट लंबे और 4 इंच मोटे थे। चोरी गए माल की कीमत लगभग 32 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
क्वींस पार्क कॉलोनी से बाइक चोरी
वहीं कोतवाली धार क्षेत्र की क्वींस पार्क कॉलोनी में अज्ञात चोर एक मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। फरियादी महेश डावर ने बताया कि 7-8 अप्रैल की रात के बीच उनकी बाइक (MP-11-MR-0122) घर के बाहर से गायब हो गई। बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा पर सवाल
दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से आमजन में चिंता बढ़ रही है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
