धार। शहर के गढ़ कालिका मार्ग पर प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर रहवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। खासतौर पर महिलाओं ने आगे आकर इस फैसले का विरोध किया और आबकारी विभाग को शिकायत सौंपते हुए शराब दुकान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
गढ़ कालिका मार्ग और साई धाम कॉलोनी के रहवासियों ने हस्ताक्षरित आवेदन 11 अप्रैल को सहायक आबकारी आयुक्त, धार को सौंपा। शिकायत में बताया गया कि यह क्षेत्र पूर्णतः रहवासी है, जहां कॉलोनियां, मंदिर, विद्यालय और कृषि उपज मंडी स्थित हैं। इसके बावजूद यहां शराब दुकान खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
रहवासियों का कहना है कि संबंधित दुकान की अनुमति गाछावाड़ी क्षेत्र के लिए जारी की गई है, जबकि दुकान करीब 2 किलोमीटर दूर कालिका मार्ग पर स्थापित की जा रही है, जो नियमों के विरुद्ध है। आबकारी नियमों के अनुसार किसी भी मंदिर, धार्मिक स्थल या स्कूल से 100 मीटर के दायरे में शराब दुकान संचालित नहीं की जा सकती।
स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रस्तावित स्थान के पास पशुपतिनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल मौजूद हैं। यही मार्ग गढ़ कालिका माता मंदिर, नित्यानंद आश्रम और जैन तीर्थ भक्तांबर जाने के लिए प्रमुख रास्ता है। इसके अलावा यह मुक्तिधाम का मार्ग भी है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आमजन गुजरते हैं।
रहवासियों ने चिंता जताई कि इस इलाके में शराब दुकान शुरू होने से महिलाओं, श्रद्धालुओं और स्कूली छात्राओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है। पास में स्थित कृषि उपज मंडी के कारण किसानों की आवाजाही भी रहती है, जिससे लूटपाट जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है।
महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए इस दुकान के निर्माण पर तुरंत रोक लगाई जाए। शिकायत के दौरान उमाबाई, रेखाबाई, रीनाबाई, ममताबाई, तृप्ति, कल्पना, चेतना, कुसुम और सोनाली सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।
