Headlines

लूट और हत्या के तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

21 वर्षीय साहिल की गोली मारकर की थी हत्या

टेस्ट ड्राइव के बहाने युवक को ले गए थे बदमाश

धार। जिले के डही क्षेत्र में टेस्ट ड्राइव के बहाने की गई लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बदमाशों ने सुनियोजित साजिश के तहत शोरूम से बोलेरो वाहन लूटा और विरोध करने पर 21 वर्षीय कर्मचारी साहिल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

टेस्ट ड्राइव के नाम पर वारदात

11 अप्रैल को डही स्थित ए-वन ऑटो डील शोरूम पर तीन युवक पहुंचे। उन्होंने बोलेरो (MP 04 TT 3572) खरीदने की बात कही और टेस्ट ड्राइव के बहाने कर्मचारी साहिल को साथ लेकर निकल गए। इसके बाद आरोपी वाहन सहित फरार हो गए। फरियादी मोहम्मद हारुन खत्री की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जंगलों में दबिश, आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मयंक अवस्थी के निर्देशन में चार विशेष टीमें बनाई गईं। जांच के दौरान लूटी गई बोलेरो ग्राम सुसारी के पास पलटी हुई मिली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी की पहचान सुनील (निवासी आम्बी, जिला अलीराजपुर) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आम्बुआ के जंगलों में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

विरोध करने पर मारी गोली

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट की योजना पहले से बनाई थी। रास्ते में जब साहिल ने विरोध किया तो उसे गोली मार दी। हत्या के बाद शव को सुसारी के पास सुनसान इलाके में झाड़ियों में छिपा दिया। वाहन लेकर भागते समय बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद आरोपी पैदल भागे और बाद में साथी की मदद से मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस ने 12 अप्रैल को साहिल का शव बरामद किया था।

मुख्य आरोपी शातिर अपराधी

मुख्य आरोपी सुनील पिता राधेश्याम मेहड़ा पर पहले से हत्या और मारपीट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल की तलाश कर रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में कुक्षी, टांडा, जोबट, डही, आम्बुआ थाना सहित कई टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

इनकी रही भूमिका

लूट और हत्‍याकांड के खुलासे में कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव, टांडा थाना प्रभारी संजय रावत, जोबट थाना प्रभारी विजय वास्‍कले, डही थाना प्रभारी द‍िलीप तडेवला, आम्‍बुआ थाना प्रभारी मोहन डावर, निसरपुर चौकी प्रभारी रवि वास्‍के, उप निरीक्षक अनुप बघेल, प्रकाश अलावा, भूपेंद्र खरातियाृ, तोसि‍फ अली, रामसिंह सोलंकी, प्रधान आरक्षक सतीष, दीपेंद्र डावर सहित अन्‍य पुलिस टीम शामिल थी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *