Headlines

आदिवासी जमीन बताकर 36 लाख की ठगी, 3 साल बाद खुला राज; 5 आरोपी नामजद

धार। जिले के नौगांव क्षेत्र में जमीन सौदे के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने आदिवासी की जमीन को अपनी बताकर युवक से 36 लाख रुपए ऐंठ लिए। करीब तीन साल बाद सच्चाई सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।

नौगांव थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर 36 लाख रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार प्रहलाद पिता भारतसिंह सुनेर (26) निवासी ग्राम मुण्डाना ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपियों ने उसे कृषि भूमि का सौदा कर धोखा दिया।

आरोप है कि कमल किशोर वर्मा सहित इस्लामुद्दीन, सईद, सलाम और कयाम (सभी निवासी ग्राम सांभर, थाना सादलपुर) ने सुगनाबाई के खेत (ग्राम ताजपुर से उत्तर दिशा में करीब 8 किमी) की जमीन को अपनी बताकर विक्रय अनुबंध कर लिया। इस दौरान प्रहलाद से 22 लाख रुपए नकद और 7-7 लाख के दो चेक लेकर कुल 36 लाख रुपए ले लिए।

बाद में पता चला कि जमीन आदिवासी की है और आरोपी उसे बेचने के हकदार नहीं थे। ठगी का यह सिलसिला 7 नवंबर 2022 से 9 अक्टूबर 2025 के बीच चला। मामले का खुलासा होने के बाद 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 1:39 बजे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका और जमीन के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *