धार। सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर धार जिला इस बार खास तैयारी में है। जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड स्तर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला के जरिए बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मध्य प्रदेश शासन, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्रालय एवं आयुक्त अनुसूचित जाति विकास, भोपाल के निर्देशानुसार धार जिले में डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर आयोजित होगा, जिसमें जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग के अनुसार यह आयोजन पी.जी. कॉलेज धार के ऑडिटोरियम हॉल में प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में बाबा साहब के जीवन दर्शन, संघर्ष और उनके योगदान पर आधारित विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विकासखण्ड स्तर पर भी आयोजन
जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखण्ड मुख्यालयों पर भी अम्बेडकर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई जाएगी। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन भाग लेकर बाबा साहब के विचारों पर प्रकाश डालेंगे।
साप्ताहिक कार्यक्रम जारी
जिले की प्रमुख शैक्षणिक संस्थाओं में 8 अप्रैल से शुरू हुई साप्ताहिक गतिविधियों की श्रृंखला 14 अप्रैल तक चलेगी। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को बाबा साहब के आदर्शों और उनके योगदान से अवगत कराया जा रहा है।
