खेत के मकान में चल रहा था खेल, 2 आरोपी गिरफ्तार
धार। जिले के सरदारपुर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खैर लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़ किया। खेत में बने एक मकान से भारी मात्रा में खैर लकड़ी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हैं।
वनमंडलाधिकारी विजयानंथम टीआर के निर्देशन में मुखबिर सूचना पर वन विभाग की टीम ने लाबरीया-चिराखान के पास लाल्याखाल क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक खेत के मकान में अवैध रूप से खैर लकड़ी का संग्रहण और छाल निकालने का काम किया जा रहा था।
मकान में चल रहा था अवैध काम
छापेमारी के दौरान मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि बड़ी मात्रा में खैर लकड़ी इकट्ठा कर उसे दूसरे राज्यों में भेजने की तैयारी की जा रही थी।
15 दिन से चल रहा था काम
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे छतरपुर जिले के निवासी हैं और शाहरूख व बादशाह नामक व्यक्तियों के कहने पर यहां काम कर रहे थे।
दोनों पिछले 15 दिनों से स्थानीय ढाबे में रुककर 10-12 पिकअप खैर लकड़ी छील चुके थे और उन्हें 200-300 रुपए प्रति क्विंटल मजदूरी मिलती थी।
4 पिकअप जब्त, लाखों की लकड़ी बरामद
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने करीब 50-60 क्विंटल खैर लकड़ी से भरे 4 पिकअप वाहन जब्त किए। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत 2 से 2.5 लाख रुपए बताई जा रही है।
पूछताछ में सामने आया कि भुगतान ऑनलाइन माध्यम से स्थानीय व्यापारी के जरिए किया जाता था। मुख्य आरोपी शाहरूख और बादशाह फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। शाहरूख के खिलाफ पहले भी झाबुआ वनमंडल में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिली है।
उप वनमंडलाधिकारी सुनील सुलिया ने बताया कि धार-झाबुआ के राजस्व क्षेत्र और माही नदी के आसपास खैर के पेड़ों की अवैध कटाई लगातार बढ़ रही है। वन विभाग सक्रियता से कार्रवाई कर तस्करों पर लगाम कस रहा है।
इस पूरी कार्रवाई में डिप्टी रेंजर विक्रम नीनामा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
