सिरसोदिया में 400 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में
धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त पर धार जिले के ग्राम सिरसोदिया पहुंचे। यहाँ ‘मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना’ के तहत आयोजित भव्य सम्मेलन में 400 जोड़े एक-दूजे के हुए। सीएम ने नव-दंपत्तियों पर पुष्पवर्षा कर अभिभावक की तरह आशीर्वाद दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की बेटियों की शादी अब माता-पिता के लिए बोझ नहीं, बल्कि सरकार के सहयोग से एक उत्सव और वरदान है।

श्रीकृष्ण-रुक्मणी प्रसंग से जोड़ा आयोजन का महत्व
मुख्यमंत्री ने संबोधन की शुरुआत सांस्कृतिक जुड़ाव के साथ की। उन्होंने कहा कि धार की यह धरती भगवान श्री कृष्ण और माता रुक्मणी की ऐतिहासिक स्मृतियों की साक्षी है। ऐसी पावन धरा पर ‘पाणिग्रहण संस्कार’ का हिस्सा बनना गौरव की बात है। विवाह हमारी संस्कृति का आधार है और सरकार हर गरीब परिवार के साथ एक सच्चे मित्र की तरह खड़ी है।
जोड़े को 49 हजार की मदद
योजना की ताकत बताते हुए डॉ. यादव ने कहा कि आर्थिक तंगी अब किसी बेटी के हाथ पीले होने में बाधा नहीं बनेगी। सरकार योजना के तहत निराश्रित और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को 49,000 रुपए की आर्थिक सहायता दे रही है। सीएम ने कहा कि पाणिग्रहण संस्कार जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे सरकार गरिमामय तरीके से संपन्न करा रही है।

हेलीपैड पर जोरदार स्वागत
इससे पहले मुख्यमंत्री का सिरसोदिया हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कालुसिंह ठाकुर, प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सीएम ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का आगाज किया और मंच से उतरकर नव-विवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
