धार। बाग थाना क्षेत्र के गंदी नाला इलाके में छेड़छाड़ के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम को उस वक्त असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब आरोपियों ने न सिर्फ दरवाजा खोलने से मना कर दिया, बल्कि पुलिसकर्मियों को ही जान से मारने की धमकी दे डाली। आरोपियों ने पुलिस से सीधी बदतमीजी करते हुए कहा— “जिसमें दम हो, हमें यहाँ से ले जाकर दिखाओ।”
दरवाजा खटखटाया तो अंदर से आई गालियां
फरियादी सखाराम गोखले (38) के साथ जब पुलिस टीम आरोपी जगदीश राठौड़ और उसके बेटे दीपक के घर पहुंची, तो आरोपियों ने दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया। काफी देर तक आवाज देने और पुलिस की मौजूदगी बताने के बाद जब एक व्यक्ति ने दरवाजा खोला, तो उसने जगदीश के घर पर न होने का झूठ बोला।
छिपकर देख रहा था आरोपी, पहचानते ही भड़का
तलाशी के दौरान पुलिस को दरवाजे की आड़ में एक व्यक्ति छिपा हुआ दिखा। जब उसे बाहर आने को कहा गया, तो वह भड़क गया। पुलिस ने जब बताया कि उनके खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज है, तो आरोपी जगदीश सामने आया और चिल्लाकर बोला— “मैं ही जगदीश हूँ, हमको नहीं आना। तुमसे जो बने कर लो।”
धमकी के बोल: “जान से मार देंगे” आरोपी बाप-बेटे ने पुलिसकर्मियों को मां-बहन की भद्दी गालियां दीं। उन्होंने पुलिस टीम को खुलेआम चेतावनी दी कि यदि उन्हें थाने ले जाने की कोशिश की गई, तो वे उन्हें जान से मार देंगे।
पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को धमकाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
