Headlines

सिल्वर हिल्स में सुबह 5 से 6 के बीच ‘सुपरफास्ट’ चोरी

मकान सूना हुआ और चोरों ने खंगाल ली अलमारी; 2.30 लाख कैश समेत 3.80 लाख का माल पार

धार। शहर की पॉश कॉलोनियों में अब चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि उन्हें न उजाले का डर है और न ही लोगों की आवाजाही का। नौगाँव थाना क्षेत्र की सिल्वर हिल्स कॉलोनी में शातिर चोरों ने महज एक घंटे के भीतर वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। जब घर के लोग किसी काम से बाहर निकले, चोरों ने ताला चटकाया और लाखों की नकदी व जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया।

रेकी, सुबह 5 बजे चोरों ने दी ‘दस्तक’

​वारदात 17 अप्रैल की सुबह 5 से 6 बजे के बीच हुई। फरियादिया का घर सूना था, जिसका फायदा उठाने में बदमाशों ने पल भर की भी देरी नहीं की। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बदमाशों ने जिस फुर्ती से सीधे अलमारी को निशाना बनाया, उससे साफ जाहिर होता है कि वे घर की हर हलचल से वाकिफ थे और पहले से रेकी कर रहे थे।

मालूम था कहाँ रखा है ‘खजाना’

​चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर वहां रखे सोने-चांदी के गहने और मोटी नकदी बटोर ली। चोरी गए सामान में दो लाख तीस हजार रुपये, बच्चों की सोने की माखी, कान के टॉप्स और अंगूठी, चांदी के बच्चों की पायल और एक जोड़ी पुरानी बड़ी पायल जेवरातों की कीमत 1.50 लाख और कैश मिलाकर करीब 3 लाख 80 हजार रुपये की चपत लगी है।

​घटना की सूचना मिलते ही नौगाँव पुलिस मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी के अनुसार, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। कॉलोनी के एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि वारदात में किसी करीबी या प्रोफेशनल गैंग का हाथ हो सकता है जिसने सुबह के सन्नाटे का फायदा उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *