Headlines

​’गौ माता’ को राष्ट्र माता बनाने की हुंकार: धार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, घर-घर भरे जा रहे संकल्प पत्र

धार। भारत की सांस्कृतिक आत्मा ‘गौ माता’ को सर्वोच्च सम्मान दिलाने के लिए देशव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान अब धार जिले में एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। संतों और समाज के मार्गदर्शन में शुरू हुए इस अभियान का एक ही लक्ष्य है— गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाना और देश में गौ-हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना।

गौ भक्त जुटा रहे जनसमर्थन

​धार स्थित श्री लक्ष्मी गौशाला के बैनर तले पदाधिकारी और उत्साही गौ भक्त शहर की गलियों से लेकर ग्रामीण अंचलों के खेतों तक पहुँच रहे हैं। संकल्प पत्र भरने का सिलसिला तेजी से जारी है, जहाँ हर आयु वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हस्ताक्षर कर रहे हैं।

27 को तहसील मुख्यालयों पर गूंजेगी प्रार्थना

​यह केवल एक हस्ताक्षर अभियान नहीं है, बल्कि एक बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी है। आगामी 27 अप्रैल को सुबह 11 बजे देश की प्रत्येक तहसील में जनता का हुजूम उमड़ेगा। महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र तहसीलदारों को सौंपे जाएंगे। शासन तक यह संदेश पहुँचाना कि गौ रक्षा अब केवल आस्था नहीं, बल्कि जन-जन की मांग है।

पसीने से सींच रहे संकल्प

​धार में इस पुनीत कार्य की कमान श्री लक्ष्मी गौशाला के संरक्षकों और समर्पित सदस्यों ने संभाल रखी है। अभियान को सफल बनाने के लिए ​राजेंद्र शर्मा, नरेश राजपुरोहित, राजेश हरोड़, ममता जोशी, प्रतिभा शर्मा, मुन्नालाल राठौर, ब्रजकिशोर वोडा, देवचंद बोडिया, प्रवीण गोध, भास्कर राव सोनोन, प्रशांत राव और शरद व्यास जैसे गौ भक्त दिन-रात एक कर गांव-गांव घूम रहे हैं।

क्यों खास है यह अभियान?

  1. राष्ट्र माता का दर्जा: गाय को केवल पशु नहीं, बल्कि राष्ट्र के गौरव का प्रतीक बनाना।
  2. पूर्ण प्रतिबंध: देश भर में गौवंश की रक्षा के लिए कड़े कानून की मांग।
  3. जन-भागीदारी: पहली बार इतने बड़े स्तर पर आम नागरिकों को लिखित संकल्प से जोड़ा जा रहा है।

लक्ष्मी गौशाला परिवार ने समस्त धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस संकल्प पत्र को भरकर गौ सेवा के इस महायज्ञ में अपनी आहुति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *