Headlines

डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाया था ‘नशा’, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ी गांजे की खेप

धार। ​धामनोद पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए तीन अंतरजिला तस्करों को दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी सफेद रंग की हुंडई XCENT कार में बड़ी चालाकी से गांजे की तस्करी कर रहे थे, लेकिन मुखबिर के सटीक जाल ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

कार के कवर में लिपटा था ‘काला कारोबार’

​मंगलवार रात करीब 12:30 बजे जब दुनिया सो रही थी, तब धामनोद पुलिस दुधी हाईवे चौकी के सामने मुस्तैद थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुराणी की ओर से एक कार गांजा लेकर बड़वाह की तरफ जा रही है। पुलिस ने घेराबंदी कर MP 09 DP 2857 नंबर की कार को रोका।

​जब कार की तलाशी ली गई तो ऊपरी तौर पर कुछ नहीं मिला, लेकिन जैसे ही डिक्की में रखी स्टेपनी को हटाया गया, पुलिस दंग रह गई। आरोपियों ने स्टेपनी के नीचे कार ढांकने के कवर में बड़ी चतुराई से प्लास्टिक की थैली छिपा रखी थी, जिसमें 5 किलो 115 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा भरा हुआ था।

जब्त मशरुका: लाखों में है कीमत

​पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 7 लाख 40 हजार रुपये का माल बरामद किया है:

  • अवैध गांजा: 5 किलो 115 ग्राम (कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये)।
  • कार: सफेद रंग की XCENT (कीमत लगभग 6 लाख 15 हजार रुपये)।

बड़वाह के हैं तीनों आरोपी, पुलिस खंगाल रही कुंडली

​पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों में​ मनीष पिता भुरेलाल लिमनपुरे (निवासी सिरलाय, बड़वाह), सोनु पिता बलीराम भालसे (निवासी गणगोर घाट, बड़वाह), आकाश पिता चंदु पाल (निवासी तारानगर, बड़वाह) है।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह गांजा सुराणी में किससे लाए थे और बड़वाह में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। आरोपियों पर 8/20 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *