Headlines

बाइक पर बैठने से मना किया तो युवती को गाड़ी से कुचला

सिरफिरे आशिकों की खौफनाक करतूत, जान से मारने की थी नीयत

धार। जिले के अमझर ग्राम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवती की जान लेने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन युवकों ने पहले युवती पर अपनी बाइक पर बैठने का दबाव बनाया और जब उसने इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से सीधे बाइक ठोक दी। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हुई है।

पहले की छेड़छाड़, फिर बाइक बनी ‘हथियार’

घटना 15 अप्रैल की शाम की है, जब पीड़िता अपने खेत के पास थी। गांव के ही महेश, राजू और सोनू ने उसे घेर लिया और जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठने के लिए मजबूर करने लगे। आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ की, लेकिन जब युवती ने हिम्मत दिखाते हुए इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गए।

युवती वहां से बचने की कोशिश कर रही थी, तभी आरोपियों ने मोटरसाइकिल रफ्तार से दौड़ाई और सामने से उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती के सिर, मुंह और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

7 दिन बाद दर्ज हुआ केस, सलाखों के पीछे जाएंगे आरोपी

हैरानी की बात यह है कि घटना 15 अप्रैल की है, लेकिन इसकी औपचारिक कायमी 22 अप्रैल की शाम को हुई। पुलिस ने अब आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजगढ़ पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

नामजद आरोपी (सभी निवासी ग्राम अमझर):

  1. महेश पिता कालू भूरिया
  2. राजू पिता किशन
  3. सोनू पिता तोलिया भूरिया

महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों को लेकर क्षेत्र में रोष है। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है, फिलहाल तीनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *